चंबा। शहर के सपड़ी वार्ड के नरसिंह मोहल्ले में लोगों को दिन में एक ही समय पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। लोगों का आरोप है कि जलशक्ति विभाग अपर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति कर रहा है। एक परिवार को केवल दो से तीन बाल्टी पानी ही मिल पा रहा है। इससे लोगों को भीषण गर्मी में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
लोगों का यह भी आरोप है कि अपर्याप्त पानी की सप्लाई को लेकर विभाग के कर्मचारियों को कई बार अवगत करवाया गया लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। मोहल्लावासियों ने जल्द समस्या हल न होने पर अब मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत करने की चेतावनी दी है।
गौरतलब है कि शहर के नर सिंह मोहल्ले में दस परिवारों को एक सप्ताह से अपर्याप्त पेयजल पानी की आपूर्ति की जा रही है। इससे नौकरीपेशा लोगों, गृहिणियों और स्कूली बच्चों को परेशानी हो रही है। सुबह-शाम के समय लोगों को बर्तन लेकर प्राकृतिक जलस्रोतों का का रुख करना पड़ रहा है।
मोहल्लावासियों हितेश, राजू, दीपक चोणा, राहुल और परविंद्र चोणा ने बताया कि एक सप्ताह से पानी की भरपूर सप्लाई नहीं हो रही है। दोपहर के समय महज दो घंटे के लिए पानी छोड़ा जाता है लेकिन पानी का प्रेशर काफी कम रहता है। उन्होंने जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता से पानी की समस्या का शीघ्र समाधान करवाने की मांग की है। जलशक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राजिंद्र सिंह ने कहा कि जल्द समस्या का समाधान करवाया जाएगा।