हर माह मिलेगी चार हजार रुपये छात्रवृत्ति, 20 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन चार दिसंबर को प्रवेश परीक्षा
केंद्रीय विविस धर्मशाला के आंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में एक साल का पाठ्यक्रम, 25 सीटें सशुल्क भी उपलब्ध
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) और हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं को निशुल्क कोचिंग का अवसर मिलेगा।
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला के डॉ. आंबेडकर सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की ओर से एक वर्षीय कोचिंग कार्यक्रम के तहत 100 सीटें उपलब्ध करवाई गई हैं। चयनित अभ्यर्थियों को पढ़ाई के दौरान हर माह चार हजार रुपये छात्रवृत्ति भी दी जाएगी। इच्छुक युवा 20 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की योजना के तहत अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और पीएम केयर्स बाल योजना के लाभार्थियों को इसका लाभ मिलेगा। कार्यक्रम में यूपीएससी और राज्य लोक सेवा आयोग की ग्रुप-ए और ग्रुप-बी परीक्षाओं की तैयारी करवाई जाएगी। पीएम केयर्स बाल योजना के लाभार्थियों को प्रवेश परीक्षा से छूट रहेगी। 25 सीटें सशुल्क कोचिंग के लिए भी निर्धारित की गई हैं। एक वर्षीय पाठ्यक्रम का शुल्क 75 हजार रुपये होगा। इस श्रेणी के अभ्यर्थियों को छात्रवृत्ति नहीं दी जाएगी।
ये अभ्यर्थी कर सकेंगे आवेदन
जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर ने बताया कि अनुसूचित जाति और अन्य पिछड़ा वर्ग के ऐसे अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं, जिनके परिवार की वार्षिक आय सभी स्रोतों से आठ लाख रुपये या इससे कम है। आवेदक की आयु 21 से 37 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही 12वीं और स्नातक स्तर पर कम से कम 50 प्रतिशत अंक होना अनिवार्य है। आवेदन विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.cuhimachal.ac.in पर किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि चयन विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित कॉमन एंट्रेंस टेस्ट के आधार पर होगा। चार दिसंबर को प्रस्तावित परीक्षा में सामान्य अध्ययन, सामान्य अंग्रेजी, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक योग्यता और तार्किक क्षमता से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। योजना की पात्रता और आवेदन से जुड़ी विस्तृत जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर उपलब्ध है।