सलूणी (चंबा)। जिले के सलूणी उपमंडल के कोटी पुल-लचोड़ी मार्ग पर टटोला के निकट करीब 400 मीटर गहरी खाई में गिरने से कार में सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई है। मृतकों की पहचान राकेश कुमार (33) पुत्र धनी राम और कर्ण कुमार (10) पुत्र राकेश कुमार निवासी सालवां के रूप में हुई है। मेडिकल कॉलेज चंबा में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक 17 मार्च को रात साढे़ ग्यारह बजे राकेश कुमार अपने दस साल के बेटे कर्ण कुमार को कार एचपी 44-1491 में लेकर चंबा की ओर रवाना हुआ था लेकिन, वे चंबा नहीं पहुंचे और बीच रास्ते में ही गायब हो गए। वे घर भी नहीं लौटे। शुक्रवार तक जब उनका कोई अतापता नहीं चला तो राकेश के पिता धनी राम ने इनकी तलाश करने की जिला प्रशासन से गुहार लगाई। शनिवार को जब तलाश शुरू की गई तो कार कोटी पुल-लचोड़ी मार्ग पर टटोला के पास दुर्घटनाग्रस्त मिली। कार अनियंत्रित होकर करीब चार सौ फीट नीचे खाई में गिरी थी। इसमें सवार दोनों बाप-बेटे की मौत हो चुकी थी।
डीएसपी सलूणी शेर सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि कार एचपी 44-1491 टटोला के पास दुर्घटनाग्रस्त हो चुकी है। उसमें सवार राकेश कुमार और कर्ण कुमार के शव बरामद हुए हैं। मेडिकल कॉलेज चंबा में मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिए गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।