तीसा (चंबा)। भंजराडू में आयोजित किसान सभा इकाई तीसा की बैठक में किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर विचार-विमर्श किया गया। बैठक को ब्लॉक संयोजक पवन कुमार ने संबोधित किया। कहा कि कृषि और बागवानी विभाग में अधिकारियों के पद खाली पड़े हुए हैं, जिससे किसानों को परेशानी हो रही है। उन्हें सरकार की योजनाओं का पूर्ण लाभ नहीं मिल पा रहा है।
इतना ही नहीं, किसानों को मिलने वाले उपकरण विभागों में उपलब्ध नहीं करवाए जा रहे हैं। इसके अलावा बीज और खाद समय पर नहीं दिए जा रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या किसानों को अपने उत्पाद बेचने में हो रही है। किसानों को मजबूरी में अपनी फसल औने-पौने दामों पर लोकल खरीदारों को ही बेचनी पड़ रही है। क्षेत्र में सब्जी मंडी को बने कई साल हो गए हैं। कोल्ड स्टोर भी सब्जी मंडी में बना है लेकिन, सरकार उन्हें सुचारु नहीं कर रही है।
बैठक में सर्वसम्मति से दो प्रस्ताव पास किए गए। इसमें पहला यह है कि सब्जी मंडी को किसानों के लिए जल्द खोला जाए अन्यथा किसान सभा आंदोलन करेगी। इसके अलावा तीसा में सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में मेडिकल और पैरामेडिकल स्टाफ के खाली पद जल्द भरे जाएं। नागरिक अस्पताल तीसा में रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति भी जल्द करने की मांग की। बैठक में नरेंद्र, पवन, लेख राज, नूतन, हेमराज, ठाकुरदास, रामलोक, नरैन सिंह, ईश्वर दास, हरिलाल, भगनू, देस राज और रिसालू राम सहित अन्य उपस्थित रहे।