बग्गा के पास अतिक्रमण हटाती एनएच विभाग की मशीनरी।
- फोटो : Chamba
चंबा। पठानकोट-भरमौर हाईवे पर राख और बग्गा में अवैध कब्जाधारियों पर एनएच प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई की। शनिवार को टीम ने हाईवे किनारे कुछ लोगों की ओर से किए गए अतिक्रमण को जेसीबी से तोड़ा। साथ ही दोबारा हाईवे पर अवैध कब्जा न करने की हिदायत दी। चेताया कि अगर लोग दोबारा ऐसा करते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। गौरतलब है कि कुछ दुकानदारों ने दुकानों के साथ फड़ियों का भी निर्माण कर रखा है।
जानकारी के मुताबिक एनएच प्राधिकरण की ओर से हाईवे को चौड़ा किया जा रहा है। साथ ही नालियों का निर्माण किया जा रहा है। इसी कड़ी में बालू, सुल्तानपुर, तत्वानी, हरदासपुरा, मुगला, करियां, सरेंई और रजेरा में कटाई का कार्य किया गया। वर्तमान में मैहला में भी सड़क को चौड़ा करने के लिए पहाड़ को काटा जा रहा है। गौरतलब है कि राख और बग्गा में काफी लोगों ने हाईवे किनारे अवैध कब्जे कर रखे हैं। हालांकि, इसके बारे में कई बार नोटिस दिए गए हैं लेकिन लोगों ने अपने कब्जे नहीं हटाए। बहरहाल, शनिवार को विभागीय टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जों को हटाया। साथ ही दुकानदारों को सख्त हिदायत भी दी।
एनएच प्राधिकरण मंडल चंबा के सहायक अभियंता विपुल कुंज का कहना है कि शनिवार को एनएच किराने राख और बग्गा में अवैध कब्जे हटाए गए हैं। कहा कि अगर लोग दोबारा कब्जा करते हैं तो उनके खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।