चंबा। जिले में सात जुुलाई से ग्राम पंचायतों में होने वाली ग्रामसभाओं के आयोजन पर संकट के बादल छा गए हैं। ग्राम सभा की कार्यवाही को पूरा करवाने वाले कर्मचारी हड़ताल हैं। पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सेवक, तकनीकी सहायक पर ग्राम सभा के आयोजन और कार्यवाही को पूर्ण करने का जिम्मा रहता है लेकिन ये कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर इन दिनों कलम छोड़ो अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। जिला परिषद कैडर में 374 कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। ग्रामसभा में मनरेगा शेल्फ, प्रधानमंत्री आवास योजना, 15वें वित्तायोग, पेंशन संबंधित मुद्दे, बीपीएल चयन प्रक्रिया आदि मसलों पर चर्चा की जाती है और स्वीकृति प्रदान की जाती है। ग्राम सभा के आयोजन में अहम भूमिका निभाने वाले कर्मचारी वर्तमान में हड़ताल पर हैं। ऐसे में ग्राम सभा के आयोजन पर संशय है।
गौरतलब है कि 30 जून को जिला प्रशासन की ओर से हड़ताली कर्मचारियों को वापस ड्यूटी ज्वाइन करने के आदेश दिए गए थे। इसके लिए एक जुलाई सुबह 11 बजे रिपोर्ट करने के लिए कहा था लेकिन किसी भी कर्मचारी ने ज्वाइन नहीं किया है। इसके अलावा इन कर्मचारियों से यह भी पूछा गया है कि वे इतने दिनों से ड्यूटी पर क्यों नहीं आ रहे हैं। इसका भी जवाब कर्मचारियों से मांगा गया है।
जिला परिषद कैडर कर्मचारी महासंघ के अध्यक्ष मयंक चौहान का कहना है कि सभी कर्मचारी एकजुट हैं और जब तक मांगें पूरी नहीं होती हैं, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।