चंबा। ग्राम पंचायत मैहला में बुधवार शाम छह बजे पांच घरों में अचानक हाई वोल्टेज से बिजली उपकरण जलकर राख हो गए। गनीमत यह रही कि घरों में रहने वाले लोग सुरक्षित बच गए। प्रभावित लोगों का कहना है कि शाम के समय मैहला में अचानक बिजली गुल हो गई।
उसे बहाल करने के लिए बिजली बोर्ड के कर्मचारी जुटे हुए थे। शाम पांच बजे जैसे ही बिजली की आपूर्ति बहाल हुई तो लोगों ने अपने घरों में बिजली के लिए स्विच ऑन किए। स्विच ऑन करते ही वायरिंग में आग भड़क गई। इससे फ्रिज, टीवी, एलसीडी सहित पंखों और अन्य विद्युत उपकरणों में आग लग गई। घरों में आग की लपटें देख परिवार के सदस्यों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। लोगों का कहना है कि अगर यही घटना रात को होती तो शायद जानमाल का नुकसान हो सकता था।
स्थानीय लोग इसे बिजली बोर्ड की लापरवाही बता रहे हैं। प्रभावित परिवारों में भगत राम, हरीश चौणा, तिलक और पांडू राम ने बताया कि शाम को बिजली गुल होने के बाद हाई वोल्टेज से बिजली बहाल हुई। उनका कहना है कि वीरवार सुबह के समय भी वायरिंग में आग की चिंगारियां निकल रही थी। लोगों ने इसके बारे में पंचायत प्रधान को सूचित किया। पंचायत प्रधान ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया। उसके बाद प्रधान ने बिजली बोर्ड और प्रशासन को इसकी सूचना दी।
पंचायत प्रधान राधा देवी ने बताया कि शॉट सर्किट होने से लोगों के घरों में आग से नुकसान हुआ है। इसके लिए प्रभावित परिवारों को प्रशासन ने जल्द आर्थिक सहायता प्रदान करनी चाहिए। साथ ही घरों में आग लगने के कारणों की भी जांच होनी चाहिए।