electricity connection will cut on no paying bills
चंबा। लंबे समय से बिजली बिल न जमा करवाने वाले उपभोक्ताओं पर बोर्ड ने शिकंजा कस दिया है। विद्युत उपमंडल द्वितीय चंबा के सहायक अभियंता ने 97 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर काटने के आदेश जारी कर दिए हैं।
आदेशों में विभाग ने स्पष्ट किया है कि अस्थायी तौर पर कनेक्शन कटने के बाद भी अगर उपभोक्ता बिजली बिल जमा नहीं करवाते हैं तो उनके कनेक्शन स्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे। ऐसे में उपभोक्ताओं को दोबारा से औपचारिकता पूरा करने के बाद विद्युत कनेक्शन दिया जाएगा। बोर्ड की ओर से जारी आदेशों के बाद उपभोक्ताओं में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के मुताबिक विद्युत उपमंडल चंबा द्वितीय के तहत चनेड़, सरोल, साहो और मरेड़ी में करीब 97 विद्युत उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी तौर पर कटेंगे। बोर्ड ने इन उपभोक्ताओं से दो लाख नब्बे हजार रुपये की राशि बिल के रूप में वसूलनी है। बोर्ड की ओर से बिजली बिल की राशि वसूलने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए हैं लेकिन, उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा करवाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई।
बहरहाल, अब ऐसे उपभोक्ताओं के खिलाफ बोर्ड सख्त हो गया है। बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता अजय कुमार ने बताया कि बोर्ड की ओर से 97 उपभोक्ताओं के बिजली कनेक्शन अस्थायी तौर पर काटने के आदेश दिए गए हैं। कहा कि बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।