पुखरी के गांव कंडा में जला ट्रांसफार्मर ।
- फोटो : Chamba
बनीखेत (चंबा)। ग्राम पंचायत पुखरी के कंडा गांव में अचानक बिजली की वोल्टेज बढ़ने से लोगों के घरों में लगाए गए बिजली उपकरण जल गए। गनीमत रही कि घटना में किसी प्रकार का जानी नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, बिजली उपकरण जलने से लोगों को आर्थिक नुकसान जरूर हुआ है। लोगों ने जब इसके बारे में बिजली बोर्ड को सूचित किया तो बोर्ड ने लोगों को ट्रांसफार्मर पर बिजली गिरने की बात कही।
प्रभावित लोगों प्रीतम चंद, इंद्रजीत कुमार, राकेश कुमार, जयराम, सुरजीत कुमार, सतीश कुमार, जोगिंदर कुमार आदि ने बताया कि उनके घरों में बल्ब, इंडक्शन चूल्हे, एलईडी, वाईफाई अडॉप्टर, टीवी और डिश रिसीवर वोल्टेज बढ़ने से जल गए। उन्होंने कहा कि मंगलवार को आधे घंटे तक हुई बारिश में ही इतना ज्यादा नुकसान हो गया।
आरोप लगाया कि बोर्ड अपनी लापरवाही को छिपाने के लिए बिजली गिरने की बात कह रहा है। जबकि, वोल्टेज बोर्ड की लापरवाही के कारण बढ़ी है। राकेश का कहना है कि उनकी पत्नी इंडक्शन चूल्हे पर खाना बना रही थी और बच्चे रसोई में बैठे थे। ऐसे में अचानक वोल्टेज बढ़ने से इंडक्शन से धुआं उठने लगा, जिसे देख परिवार वहां से भागा। गनीमत रही कि परिवार का कोई सदस्य करंट की चपेट में नहीं आया।
बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता अशोक ठाकुर ने बताया कि मंगलवार को बिजली गिरने से कंडा गांव में स्थापित ट्रांसफार्मर में आग भड़क गई। इसकी वजह से लोगों के बिजली उपकरणों को क्षति पहुंची है। कहा कि ट्रांसफार्मर को दुरुस्त किया जा रहा है।