Drinking water supply stalled for 12 days in Dhadiyada and Ukhal
मंगला (चंबा)। ग्राम पंचायत मंगला के ढढियाड़ा और उखल में पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। पंचायत के इन इलाकों में 12 दिन से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। पानी की आपूर्ति न होने से लोगों को मीलों दूर स्थित प्राकृतिक जलस्रोत से पानी ढोना पड़ रहा है। इससे ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार विभागीय अधिकारियों को समस्या के बारे में अवगत करवा चुके हैं बावजूद, इसके अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। लोग अब सीएम हेल्पलाइन नंबर पर भी शिकायत करेेंगे। बीतें दिनों हुई बारिश के बाद जिले में अब ठंड दिनप्रतिदिन बढ़ रही है। ऐसे में ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति को बहाल न करवा पाना जलशक्ति विभाग की पोल खोल रहा है।
लोगों ने कहा कि जलशक्ति विभाग पानी की समस्या का समाधान करने की बजाय महज पानी के बिलों की वसूली करने में लगा हुआ है। पेयजल उपभोक्ताओं में वार्ड सदस्य बंटी देवी, ग्रामीण मनोज कुमार, उमेश कुमार, गर्भ सिंह, राकेश कुमार, सुदेश कुमार, अनीता देवी, चमन सिंह, बलदेव राज, भीमराज, राज कुमार आदि ने कहा कि ढढियाड़ा और उखल मोहल्ले के 40 घरों में पेयजल आपूर्ति बंद पड़ी हुई है।
लोगों को अपने और मवेशियों के लिए मीलों दूर स्थित प्राकृतिक जलस्रोत ढाकनी बाई से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। जलशक्ति विभाग के कनिष्ठ अभियंता ज्ञान चंद ठाकुर का कहना है कि भरोड़ी में पेयजल लाइन का मरम्मत कार्य चला हुआ है। उसके बाद बंद पेयजल लाइन को सुचारु करवा दिया जाएगा।