सलूणी-लंगेरा मार्ग पर चकोली के पास सड़क पर गिरा मलबा। संवाद
सलूणी (चंबा)। सलूणी-लंगेरा मार्ग पर चकोली के पास गिरा मलबा छह महीने बाद भी नहीं हटाया जा सका है। सड़क का आधा हिस्सा मलबे में दबा हुआ है। वाहन चालकों को इस मार्ग से गुजरते वक्त अतिरिक्त सतर्कता बरतनी पड़ रही है।
वाहन चालकों में रमेश कुमार, बालम राम, देसराज, बबलू, संजय कुमार और दीपक ने बताया कि रोजाना सलूणी-लंगेरा मार्ग सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही लगी रहती है। मलबे के कारण यहां पर हर समय हादसा होने का भय लगा रहता है। कई बार तो वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त होने से बचे है। समय रहते यदि मलबे को नहीं हटाया तो कोई हादसा भी हो सकता है।
वाहन चालकों ने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द सड़क पर गिरे मलबे का हटाया जाए, ताकि यहां से गुजरने वालों का सफर सुगम हो सके। उधर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन ने बताया कि मामला ध्यान में लाया गया है। लेबर को सड़क पर गिरे मलबे को हटाने के निर्देश जारी किए गए हैं।