CT scan will be done two days a week in medical college
चंबा। जिले की पौने छह लाख आबादी को अब मेडिकल कॉलेज चंबा में सप्ताह में दो दिन सीटी स्कैन की सुविधा मिलेगी। इसके लिए प्रबंधन जल्द दो दिन निर्धारित करने वाला है। मेडिकल कॉलेज की सभी ओपीडी से रोजाना सीटी स्कैन करवाने वाले मरीजों का आंकड़ा इकट्ठा किया जाएगा। बाद में इन मरीजों को सप्ताह में दो दिन सीटी करवाने के लिए बुलाया जाएगा।
ऐसा होने से मरीजों को दरबदर नहीं भटकना पड़ेगा। गौरतलब है कि बीस करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज में सीटी स्कैन और एमआरआई मशीनें स्थापित की गई हैं लेकिन, इन्हें चलाने के लिए अभी तक सरकार ने अतिरिक्त स्टाफ नियुक्त नहीं किया है। जबकि, डॉक्टर अपने मरीजों के बेहतर इलाज के लिए कई बार सीटी स्कैन टेस्ट करवाने के लिए लिखते हैं। ऐसे में मरीजों को टांडा मेडिकल कॉलेज या निजी प्रयोगशाला जाना पड़ता था लेकिन, अब मरीजों को मेडिकल कॉलेज में ही यह सुविधा मिलेगी।
आपातकालीन में मरीजों का किसी भी समय सीटी स्कैन किया जा सकेगा जबकि, गर्भवती महिलाओं की अल्ट्रासाउंड सुविधा को भी प्रभावित नहीं किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज में रोजाना अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए जिलेभर से महिलाएं पहुंचती हैं। अन्य अस्पतालों में यह सुविधा नहीं है। प्रबंधन के पास दो रेडियोलॉजिस्ट उपलब्ध हैं जो नियमित रूप से सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड नहीं कर सकते। इसलिए सप्ताह में दो दिन सीटी स्कैन करने की व्यवस्था की जा रही है। जिले के तीसा, डलहौजी, भरमौर, सलूणी, पांगी, भटियात सहित अन्य इलाकों से मरीज सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड करवाने के लिए चंबा पहुंचते हैं। उन मरीजों को अब सप्ताह में दो दिन यह सुविधा मिलने वाली है। रेडियोलॉजिस्ट की तैनाती होने पर मरीजों को नियमित रूप से सुविधा मिलेगी।
चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर देवेंद्र कुमार ने बताया कि नई मशीनें लगने के बाद सीटी स्कैन करवाने वाले मरीज भी बढ़ रहे हैं। मरीजों की सहूलियत के लिए सप्ताह में दो दिन सीटी स्कैन करने की व्यवस्था की जा रही है। यह व्यवस्था अगले सप्ताह से लागू कर दी जाएगी।