चंबा बस स्टैंड में रोजाना घंटों जाम लगने से लोग परेशान हो गए हैं। भरमौर चौक से बस स्टैंड तक रोजाना जाम लग रहा है। यातायात पुलिस ट्रैफिक जाम को रोकने में असमर्थ हो रही है। बस स्टैंड के पास लगने वाले जाम में कई बार 108 एंबुलेंस फंस चुकी है।
इस दौरान मरीजों को अस्पताल तक पहुंचाने में एंबुलेंस को पांच मिनट के रास्ते पूरा करने में आधे घंटे का समय लगा। इसके बावजूद भी यातायात पुलिस ट्रैफिक जाम की समस्या को खत्म करने में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
स्थानीय निवासी अजय कुमार, रोशन लाल, प्यार चंद, अभिषेक, योग राज, नागेश कुमार, संजीव कुमार, राजेश कुमार और धर्मपाल ने बताया कि चंबा में ट्रैफिक जाम की समस्या से आम जनता काफी परेशान हो चुकी है। भरमौर चौंक से लेकर बस स्टैंड तक हमेशा ही ट्रैफिक जाम लगा रहता है। इसके कारण कई बार लोगों को पैदल ही भरमौर चौंक से बाजार जाना पड़ता है।
इसके अलावा शहर के अन्य स्थानों पर भी ट्रैफिक जाम की समस्या पेश आ रही है लेकिन पुलिस प्रशासन ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने में विफल हो रहा है। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक लाइटें कई सालों से खराब पड़ी हुई हैं लेकिन प्रशासन की ओर से अभी तक इन लाइटों को ठीक नहीं करवाया गया। इसके कारण भी ट्रैफिक जाम की समस्या पेश आ रही है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि शहर में पेश आ रही ट्रैफिक जाम की समस्या को खत्म करने के लिए उचित कदम उठाएं।