शहर में मंगलवार सुबह दो युवकों ने कांगड़ा जिला से संबंधित एक अन्य युवक की बुरी तरह से धुनाई कर दी। दोनों युवक इस तीसरे युवक को राजनौण से मारते हुए पिंक पैलेस तक ले आए।
इस दौरान युवक स्थानीय लोगों से मदद की गुहार लगाता रहा लेकिन किसी ने उसे छुड़ाने की कोशिश नहीं की। अन्य लोग अपने-अपने मोबाइल पर इस घटना का वीडियो बनाते रहे। मारपीट का शिकार हुए युवक के सिर से खून निकल रहा था। मारपीट में शामिल एक युवक भी पिट रहे युवक का वीडियो बनाता रहा।
धुनाई कर रहे युवकों ने बताया कि कांगड़ा निवासी युवक काफी समय से उनकी बहन को फोन पर तंग करता था। कई बार इसकी शिकायत पुलिस में भी की और युवक को समझाने की कोशिश की लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। मंगलवार को कांगड़ा से वह चंबा युवती से मिलने पहुंच गया था।
इस दौरान युवती के भाइयों ने उसे दबोच लिया। स्थानीय लोगों ने इस मसले को पुलिस थाने ले जाने और युवक को पुलिस के हवाले करने की सलाह दी। लेकिन मारपीट कर रहे युवक इसके लिए तैयार नहीं हुए। उधर, पुलिस ने इस तरह का कोई मामला दर्ज न होने की बात कही है। डीएसपी वीर बहादुर ने मामले की जांच के निर्देश दिए हैं।