चंबा पुलिस ने शनिवार शाम को कोटी के पास एक व्यक्ति से 3 किलो 400 ग्राम चरस बरामद की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस ने शनिवार को कोटी के पास नाका लगाया था। वहां से गुजरने वाले वाहनों की जांच पड़ताल की जा रही थी। एक व्यक्ति पीठ पर बैग लेकर वहां से गुजर रहा था। जब उसकी नजर पुलिस कर्मियों पर पड़ी तो वह हड़बड़ाहट में वहां से भागने लगा। व्यक्ति को भागता हुआ देख पुलिस कर्मियों को शक हुआ।
शक के आधार पर पुलिस ने व्यक्ति को पकड़कर उसके बैग की तलाशी ली। बैग से 3 किलो 400 ग्राम चरस बरामद हुई। पुलिस ने चरस को जब्त करके व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी चंबा वीर बहादुर सिंह ने बताया कि शनिवार को पुलिस ने कोटी के पास नाका लगाया हुआ था। एक व्यक्ति के बैग की तलाशी ली तो उसमें तीन किलो चार सौ ग्राम चरस बरामद हुई। उन्होंने कहा कि व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है। पुलिस आगामी कार्रवाई कर रही है।