भटियात उपमंडल की ग्राम पंचायत गडाना के तहत राजकीय उच्च पाठशाला भराड़ी में खराब रिजल्ट को लेकर प्रदर्शन करना पंचायत प्रतिनिधियों पर भारी पड़ गया है।
स्कूल में जाकर मुख्य गेट पर तालाबंदी करने और शिक्षकों से अभद्र व्यवहार करने पर पुलिस ने मुख्य अध्यापिका राज कुमारी की शिकायत पर पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड पंच के खिलाफ पुलिस थाना चुवाड़ी में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वीरवार को राजकीय उच्च पाठशाला भराड़ी में खराब रिजल्ट को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों सहित प्रदर्शन किया।
इस दौरान स्कूल के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया गया। साथ ही अध्यापकों से भी अभद्र व्यवहार किया गया। वीरवार को मुख्य अध्यापिका छुट्टी पर थीं। शुक्रवार को मुख्य अध्यापिका स्कूल पहुंचीं तो उन्हें पूरे मामले की जानकारी मिली।
इसके बाद मुख्य अध्यापिका राज कुमारी ने स्कूल में ताला जड़ने आैर शिक्षकों के साथ अभद्र व्यवहार करने पर पुलिस में स्थानीय पंचायत प्रधान निर्मला देवी, उपप्रधान पवन कुमार और वार्ड पंच के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
उधर, एएसपी चंबा वीरेंद्र ठाकुर ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुख्य अध्यापिका के बयान के आधार पर धारा 504 व 341 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।