सिहुंता (चंबा)। द्रम्मण-सिहुंता डबललेन मार्ग पर ककरोटी घट्टा के पास सड़क पर लावारिस पशु बचाते हुए एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। पशु को बचाते हुए गाड़ी चालक ने गाड़ी को पहाड़ी से टकरा दिया। उसके बाद गाड़ी सड़क पर पलट गई। हादसे में गाड़ी में सवार दंपति को मामूली चोटें आई है। दंपति की पहचान दीपक व अनु निवासी जालंधर के रूप में हुई है। हादसे के बाद एंबुलेंस से दोनों को शाहपुर अस्पताल ले जाया गया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को घर भेज दिया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दंपति अपनी गाड़ी नंबर पीबी 08-सीआर 8432 से शनिवार दोपहर ढाई बजे डलहौजी से धर्मशाला की ओर जा रहे थे। इस दौरान ककरोटी घट्टा के पास सड़क के बीच अचानक एक लावारिश पशु आ गया जिसे बचाने के चक्कर में उन्होंने गाड़ी पहाड़ी से टकरा दी। इससे गाड़ी सड़क पर ही पलट गई। हादसे में गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई जबकि सवार दंपति को मामूली चोटें लगी है। हादसे को लेकर पुलिस में मामला दर्ज नहीं किया गया है। सड़क पर घूमने वाले लावारिस पशुओं की वजह से पहले भी इस प्रकार के हादसे हो चुके हैं। इसके बावजूद प्रशासन लावारिस पशुओं का कोई स्थाई हल नहीं निकाल पा रहा है।