चंबा।
होली क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पर छात्रा से छेड़छाड़ का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। स्कूली छात्रा के साथ ये घटना एक सप्ताह पहले हुई थी। पुलिस ने पीड़ित छात्रा का मेडिकल करवाने के लिए चंबा लाया गया।
बताया जा रहा है कि एक सप्ताह पहले हुई इस घटना को दबाने का स्कूल स्टाफ प्रयास कर रहा था। हालांकि तीन छात्राओं ने इस मामले की स्कूल प्रशासन को जानकारी दी थी। चाइल्ड लाइन चंबा को गुप्त सूचना मिली कि होली क्षेत्र के एक सरकारी स्कूल में बच्ची के साथ छेड़छाड़ हुई है। चाइल्ड लाइन ने इस बारे में एसपी चंबा डॉ. मोनिका को बताया। एसपी के आदेश पर चाइल्ड लाइन टीम और भरमौर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस व चाइल्ड लाइन टीम ने संयुक्त रूप से छानबीन की। इस दौरान छेड़छाड़ की शिकार हुई छात्रा की काउंसिलिंग की गई। इस दौरान सामने आया कि जिस छात्रा के साथ छेड़छाड़ हुई है वो मंदबुद्धि है। इस दौरान टीम ने चार अन्य छात्राओं से भी पूछताछ की। इसमें से तीन छात्राओं ने मामले की जानकारी दी। छात्राओं ने बताया कि इस बारे में अध्यापकों को भी बताया गया है। इस पर स्कूल प्रशासन ने कार्रवाई नहीं की। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है तथा छात्रा को मेडिकल जांच के लिए शुक्रवार को चंबा लाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
छेड़छाड़ की एक और शिकायत
इस मामले में चौंकाने वाला तथ्य यह भी सामने आया है कि काउंसिलिंग के दौरान एक अन्य छात्रा ने भी शिकायत की है कि इस तरह की हरकत एक साल पहले चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी ने उसके साथ भी की थी। चाइल्ड लाइन और पुलिस टीम इस मामले की छानबीन के लिए होली जाएगी।
आरोपी पुलिस रिमांड पर
डीएसपी हेड क्वार्टर जितेंद्र चौधरी ने बताया कि मामले की एसएचओ भरमौर सुशील गुलेरिया जांच कर रहे हैं। आरोपी को कोर्ट में चार दिन का पुलिस रिमांड मिला है। सोमवार को आरोपी को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। पीड़ित छात्रा का शुक्रवार को चंबा मेडिकल कॉलेज में मेडिकल करवाया गया। इसकी रिपोर्ट आने पर अगली कार्रवाई की जाएगी। पुलिस गंभीरता से मामले की जांच कर रही है। दोषी को कतई नहीं बख्शा जाएगा।