चंबा। जिले में कोरोना संक्रमण के मामले एक बार फिर बढ़ने शुरू हो गए हैं। रविवार को दो लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्वास्थ्य विभाग की ओर से नए संक्रमितों को आइसोलेट कर दिया गया है। जिले में एक्टिव केस अब 16 पहुंच गए हैं। एक मरीज ने कोरोना को मात भी दी है।
स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक रविवार को रैट के माध्यम से 57 सैंपलों की जांच की गई। इनमें दो सैंपल पॉजिटिव निकले। इनमें पली गांव निवासी 30 वर्षीय व्यक्ति और गांव ककियां निवासी 55 वर्षीय महिला शामिल हैं। आरटीपीसीआर में जांचे गए नौ सैंपलों की रिपोर्ट निगेटिव रही। गौरतलब है कि करीब एक सप्ताह से जिले में नियमित तौर पर कोरोना के दो से तीन मामले आ रहे हैं। ऐसे में एक्टिव केस बढ़ते जा रहे हैं। इस कारण स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट हो गया है। विभाग की ओर से अब सैंपलिंग का आंकड़ा बढ़ाया जा रहा है। वहीं, विभाग ने लोगों से भी आह्वान किया है कि वे कोरोना प्रॉटोकोल की पालना करें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. कपिल शर्मा ने बताया कि जिले में रविवार को दो कोरोना के मामले आए हैं। कहा कि विभाग की ओर से तय सुविधा के मुताबिक आइसोलेट कर दिया है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया है कि वे लापरवाही न बरतें और नियमों की पालना सुनिश्चित बनाएं।