चंबा। समय पर बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं पर बिजली बोर्ड ने शिकंजा कस दिया है। विद्युत उपमंडल चंबा प्रथम के 563 उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए गए हैं। उन्हें नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर बिल जमा करवाने के बारे में निर्देश दिए गए हैं।
अगर उपभोक्ता ऐसा नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ आगामी कार्रवाई के तहत कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिए जाएंगे। साथ ही उपभोक्ताओं को दोबारा कनेक्शन सुचारु करवाने के लिए ढाई सौ रुपये अतिरिक्त शुल्क देना होगा।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के उपभोक्ताओं के पास बोर्ड की 34,85,108 रुपये की राशि बिजली बिल के रूप में फंसी हुई है। हालांकि बोर्ड ने कई बार उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करवाने संबंधित हिदायतें दीं लेकिन अभी तक उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा करवाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई है।
विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता हंसराज चौहान ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि अगर उपभोक्ता बिजली बिल जमा नहीं करवाते हैं तो कनेक्शन अस्थायी तौर पर काट दिया जाएगा।