चंबा। समय पर बिजली बिल जमा न करवाने वाले उपभोक्ताओं के अस्थायी तौर पर कनेक्शन काट दिए जाएंगे। विद्युत उपमंडल चंबा द्वितीय के तहत चनेड़, सरोल, मरेड़ी, साहो और खज्जियार सेक्शन के ढाई सौ उपभोक्ताओं के अस्थायी तौर पर कनेक्शन काटने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। हालांकि, बोर्ड ने पहले इन उपभोक्ताओं को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर बिल जमा करवाने के निर्देश दिए थे लेकिन इन्होंने बिजली बिल जमा नहीं करवाया।
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र के उपभोक्ताओं के पास बोर्ड की 4,94,633 रुपये की राशि बिजली बिल के रूप में फंसी हुई है। हालांकि, बोर्ड ने कई बार उपभोक्ताओं को बिजली बिल जमा करवाने संबंधित हिदायतें दीं लेकिन अभी तक उपभोक्ताओं ने बिजली बिल जमा करवाने में दिलचस्पी नहीं दिखाई है।
बहरहाल, अब बोर्ड उपभोक्ताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने जा रहा है। अस्थायी तौर पर कनेक्शन कटने के बाद उसे सुचारु करवाने के लिए उपभोक्ताओं से ढाई सौ रुपये अतिरिक्त शुल्क वसूला जाएगा। उसके बावजूद अगर बिल जमा नहीं करवाया जाता है तो उनका कनेक्शन स्थायी तौर पर काट दिया जाएगा। विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता अजय कुमार ने खबर की पुष्टि की है।