साहो (चंबा)। चंबा-कलोता मार्ग पर पलुई में बाइक चालक ने दो लोगों को टक्कर मार दी। इसमें बाइक सवार की मौत हो गई। मृतक की पहचान हितेेेश कुमार निवासी कलालुन डाकघर पलुई के रूप में हुई जबकि टक्कर से घायल हुई महिला को प्राथमिक उपचार के बाद टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस में दिए बयान में पवन कुमार पुत्र रत्तो गांव पलुई ने बताया कि शुक्रवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे पत्नी रेखा देवी के साथ पलुई में खड़ा था। इतने में पीछे से आ रहे बाइक सवार हितेश कुमार ने उन्हें टक्कर मार दी। बाइक की टक्कर से तीनों घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय ग्रामीण बाइक टक्कर की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे उन्होंने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को उठाकर वाहन के जरिये मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया जहां चिकित्सक ने बाइक सवार को मृत करार दिया जबकि पवन कुमार और रेखा देेवी को प्राथमिक उपचार दिया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद रेखा देवी की बिगड़ती हालत को देखते हुए उसे टांडा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने घटना की पुष्टि की है। बताया कि पुलिस मामले की तफ्तीश कर रही है।