चंबा। शैक्षणिक सत्र 2021-22 में टर्म वन की दसवीं और जमा दो कक्षा के एक या अधिक विषयों की परीक्षा देने से वंचित रहे विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। वैश्विक महामारी से संक्रमित या उपचाराधीन दसवीं और जमा दो के करीब डेढ़ सौ विद्यार्थियों को संबंधित विषयों की परीक्षा देने के लिए प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला ने विशेष मौका दिया गया है। ये परीक्षाएं सुबह 8 बजकर 45 मिनट से आरंभ होकर दोपहर 12 बजे तक आयोजित होंगी।
दसवीं कक्षा की परीक्षाएं 10 मार्च से आरंभ होकर 17 मार्च, जबकि जमा दो की परीक्षाएं 10 से लेकर 25 मार्च तक विभिन्न परीक्षा केंद्रों में आयोजित की जाएंगी। प्रदेश शिक्षा बोर्ड की ओर से बाकायदा इसके बारे में शिक्षा उपनिदेशकों को अधिसूचना जारी की गई है। स्कूल प्रबंधन को निर्देश जारी किए गए हैं कि परीक्षा के दौरान समस्त स्टाफ के साथ परीक्षार्थियों को फेस मास्क पहनना अनिवार्य होगा। वहीं, उन्हें परीक्षा से आधा घंटा पहले अपने केंद्र में पहुंचना होगा। उनके हाथों को सैनिटाइज करवाने के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाए।
साथ ही परीक्षा केंद्र में उचित सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए विद्यार्थियों की बैठने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बाट, बरौर, भड़ियांकोठी, ब्रेही, चंबा, चनेड़, डांड, कोहाल, लुड्डू, मउआ और सरोल परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। यह जानकारी उच्च शिक्षा उपनिदेशक प्यार सिंह चाढ़क ने दी है।