चंबा। जिले के सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों को अब दसवीं और बारहवीं की परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद भविष्य की पढ़ाई के लिए कॅरिअर गाइडेंस पुस्तक से जानकारी मिलेगी।
जिला रोजगार कार्यालय की ओर से ये पुस्तकें समस्त सरकारी स्कूलों और कॉलेजों में पहुंचाई जा रही हैं। रोजगार विभाग की ओर से इन पुस्तकों को अंग्रेजी और हिंदी माध्यम में छपवाया गया है। मांग के मुताबिक ही ये पुस्तकें छपवाई जा रही हैं। विभाग इन किताबों को पुस्तकालयों में पहुंचा रहा है जिससे विद्यार्थी पुस्तक का अध्ययन कर सकें और अपने भविष्य को संवारने के लिए तैयारी कर सकें।
गौरतलब है कि वर्ष 2020 में पुस्तक का स्वरूप तय किया गया था लेकिन कोरोना महामारी के चलते यह कार्य कुछ समय के लिए प्रभावित हो गया। कोरोना की स्थिति नियंत्रित होने के बाद विभाग ने पुस्तकें छपवाईं। उसके बाद विभाग ने स्कूलों में शिविरों के जरिये पुस्तकों का वितरण शुरू किया। गौरतलब है कि जिले के करीब 50 पचास स्कूलों में पुस्तकों का आवंटन हो चुका है। कॉलेजों और पंचायत कार्यालयों में स्थित पुस्तकालयों में भी पुस्तकें पहुंचाई जा रही हैं।
20 से अधिक कोर्सों के बारे में दी है जानकारी
दसवीं और जमा दो कक्षा के बाद अक्सर विद्यार्थी अपनी पढ़ाई को लेकर असमंजस में रहते हैं। इस पुस्तक में 20 से अधिक कोर्सों के बारे में जानकारी दी गई है। इनमें सेना भर्ती की तैयारी, अध्यापक बनने के लिए शर्तें, चार्टेड अकाउंटेट, कॅरिअर इन रिसर्च, बैंकिंग, मर्चेंट नेवी, डॉक्टर की पढ़ाई समेत अन्य कोर्सों के बारे जानकारी दी गई है। साथ ही योग्यता का भी विवरण दिया गया है।
जिला रोजगार अधिकारी चंबा अरविंद सिंह चौहान ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मांग के मुताबिक पुस्तकें स्कूलों में पहुंचाई जा रही हैं। कहा कि इससे विद्यार्थी किस क्षेत्र में अपना भविष्य संवार सकते हैं, इसकी पूरी जानकारी योग्यता सहित दी गई है।