शिमला से बैरागढ़ जा रही बस के खराब होने पर रात को दुकानों के बाहर बैठे यात्री। संवाद
- फोटो : Chamba
बनीखेत(चंबा)। शिमला से बैरागढ़ के लिए आ रही हिमाचल पथ परिवहन निगम की बस तलवाड़ा के समीप शनिवार रात 2:00 बजे बजे हांफ गई। बीच रास्ते में बस खराब हो जाने से 25 सवारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। अमूमन तीन घंटों तक बस का इंतजार करने के बाद सुबह 5:30 पर बस ठीक होने पर सवारियां अपने गंत्वय की ओर रवाना हो पाईं। लंबी दूरी की बसों के बीच राह खराब होने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पूर्व भी कई जगहों पर एचआरटीसी बसों बीच राह ही हांफ चुकी हैं।
हिमाचल पथ परिवहन निगम की लंबी दूरी की बसें का बीच राह हांफना यात्रियों के लिए मुश्किलें खड़ी कर रहा है। यात्रियों में नीरज कुमार, प्रदीप कुमार, सुरेंद्र कुमार, योगराज, अशोक कुमार ने बताया कि शिमला से बैरागढ़ आ रही हिमाचल पथ परिवहन की बस तलवाड़ा के समीप बीती रात खराब हो गई।
गनीमत, यह रही कि बस में आई तकनीकी खराबी को भांपते हुए चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। काफी देर तक बस ठीक न होने पर सवारियां सड़क किनारे ही बस ठीक होने का इंतजार करने लगी। तीन घंटों तक इंतजार करने के बाद आखिरकार चालक-परिचालक की मेहनत रंग लाई और बस स्टार्ट हुई। इसके बाद बस गंतव्य की ओर रवाना हुई। यात्रियों ने बताया कि इससे पहले भी कई बार बसें बीच राह पर खराब हो रही हैं। उन्होंने बताया कि यात्रियों ने इसकी शिकायत भी रजिस्टर पर लिख दी है। उन्होंने एचआरटीसी प्रबंधन से लंबी दूरी के रूटों पर खटारा बसें न भेजने की मांग उठाई है।
इस संबंध में कार्यकारी अड्डा प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि तकनीकी खराबी के कारण इस प्रकार की समस्या पेश आई। चालक-परिचालक ने बस ठीक करवा सवारियों को गंतव्य तक पहुंचा दिया है।