चंबा के बालू के पास खड़ी खराब एचआरटीसी की बस। संवाद
चंबा। कसाकड़ा स्थित मुख्य बस अड्डे से 35 सवारियों को लेकर चंबा से भाला रूट पर रवाना हुई हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बस महज दो किलोमीटर चलने के बाद बालू में बीच सड़क में हांफ गई। बस में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसकी भनक लगते ही चालक ने बस को सड़क के किनारे रोक दिया।
चालक-परिचालक ने काफी देर तक बस में आई तकनीकी खराबी को दूर करने के प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। तकनीकी खराबी दूर न होने पर चालक-परिचालक ने इसकी सूचना निगम कार्यालय में दी। सूचना मिलने के बाद प्रबंधन की ओर से दूसरी बस सवारियों के लिए भेजी गई। मगर तब तक कई सवारियां निजी वाहनों और लिफ्ट लेकर अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो चुकी थीं।
सवारियों में रेखा देवी, नीलम कुमारी, विकास कुमार, निशा कुमारी, मुकेश कुमार और पुष्पा देवी ने कहा कि जिला के अधिकांश रूटों पर खटारा बसें भेजी जा रही हैं, जो बीच राह ही हांफ जाती हैं। कुछ दिन पहले चूड़ी पुल के पास भी एक बस देररात को हांफ गई थी। अब चंबा-भाला रूट की बस बालू में बंद हो गई। उन्होंने कहा कि खटारा बसों के कारण सवारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने क्षेत्रीय प्रबंधक से चंबा-भाला रूट पर नई बस को भेजने की मांग उठाई है।
क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल सिंह ने बताया कि बस में तकनीकी खराबी आने से ये नौबत पेश आई। सवारियों की सहूलियत के लिए दूसरी बस भेज दी गई, जिससे लोगों को उनके गंतव्यों तक पहुंचा गया।