उपायुक्त कार्यालय के सभागार में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर नव मतदाताओं को मतदाता पहचान पत्र ?
- फोटो : Chamba
चंबा। राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डीसी राणा की अध्यक्षता में राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम का आयोजन किया गया। डीसी राणा ने अपने संबोधन में राष्ट्रीय मतदाता दिवस की बधाई देते हुए विशेषकर युवा और भावी मतदाताओं से आह्वान किया कि वे मतदान के महत्व को समझते हुए हमेशा अपने मताधिकार का प्रयोग करें। कहा कि हर वर्ष 25 जनवरी को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय मतदाता दिवस का उद्देश्य मतदाताओं को उनके मताधिकार के महत्व को लेकर जागरूक करना है।
उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे 18 वर्ष की आयु के बाद मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज करवाएं। कार्यक्रम में भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य निर्वाचन आयुक्त का वीडियो संदेश सुनाया गया। डीसी ने इस मौके पर मौजूद लोगों को शपथ भी ग्रहण करवाई। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा ने उपायुक्त का स्वागत किया।
इस दौरान फोटोयुक्त मतदाता सूचियों के विशेष पुनरीक्षण अभियान के दौरान बेहतरीन कार्य करने वाले बूथ लेवल अधिकारियों को स्मृति चिह्न और भावी युवा मतदाताओं को फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र भी प्रदान किए गए।