चंबा। शहर में तो पुलिस बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों पर शिकंजा कस रही है जबकि, शहर के बाहर कुछ बिगड़ैल बाइक चालक बिना हेलमेट वाहन चला रहे हैं, जिन तक पुलिस के हाथ नहीं पहुंच रहे हैं। ऐसे इलाकों में रोजाना दुर्घटनाएं हो रही हैं। शहर के बाहर ग्रामीण इलाकों में दोपहिया वाहन चालक हेलमेट पहनना जरूरी नहीं समझते, जिसकी वजह से अक्सर दुर्घटना में बाइक सवार की मौत हो जाती है।
यातायात पुलिस की टीमें दिन भर शहर में चालान काटने में लगी रहती हैं। कभी कभार पुलिस की टीम बारगाह, शनि मंदिर या आसपास नाका लगाकर बिना हेलमेट वालों पर शिकंजा कसती हुई दिखाई देती है लेकिन, रूटीन में शहर के अंदर ही ट्रैफिक पुलिस कार्रवाई करती हुई नजर आती है। यही कारण है कि शहर के बाहर दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट वाहनों को दौड़ा रहे हैं।
बुधवार को शहर के बाहर, सरोल, हरिपुर, सिढकुंड मार्ग, मंगला, ओबड़ी, राजनगर, रजेरा सहित अन्य स्थानों पर कहीं भी पुलिस के नाके नजर नहीं आए। इन जगहों पर दोपहिया वाहन चालक सरेआम बिना हेलमेट घूमते दिखे। स्थानीय लोगों का कहना था कि पुलिस कभी-कभार ही पुलिस यहां नाका लगाती है। दोपहिया वाहन चालक बिना हेलमेट ही आवाजाही करते हैं। हाल ही में बाइक दुर्घटना में चालक की मौत का मामला सामने आया है। इस घटना में भी चालक ने हेलमेट नहीं पहना था। इस तरह की घटना शहर के बाहर पहले भी कई बार हो चुकी हैं। इसलिए पुलिस को बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर शिकंजा कसने के लिए शहर के बाहर ग्रामीण इलाकों में भी नाके लगाने की जरूरत है।
एक दर्जन से अधिक गंवा चुके हैं जान
जिले में विभिन्न जगह हुई चौपहिया और दोपहिया वाहन दुर्घटनाओं में करीब 12 से अधिक लोग अभी तक जान गंवा चुके हैं। जबकि, दो दर्जन से अधिक लोग विभिन्न हादसों में जख्मी हुए हैं। बावजूद इसके यातायात नियमों की अवहेलना से वाहन चालक पीछे नहीं हट रहे हैं।
भारी पड़ जाती है युवकों की लापरवाही
प्रबुद्घ नागरिकों योगराज, प्रकाश चंद, राकेश कुमार और नागेश कुमार का कहना है कि पुलिस विभाग बार-बार यातायात नियमों का पालन करने के बारे में लोगों को अवगत करवाता है। बावजूद इसके लोगों विशेषकर युवाओं की लापरवाही उनके परिजनों को कभी न भुलाने वाले जख्म दे जाती है। कहा कि पुलिस विभाग को नियमों की अवहेलना करने वालों पर नकेल कसने ही जरूरत है।
डीएसपी अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि शहर के साथ पुलिस की टीमें ग्रामीण क्षेत्रों में भी नाके लगा रही है। इन दिनों पुलिस के कई कर्मचारी ट्रेनिंग के लिए गए हैं। तुन्नूहट्टी पर भी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके चलते नाकों में कर्मचारियों की कमी पड़ रही है। इस दिशा में जल्द उचित कदम उठाए जाएंगे।