मंग भरोड़ी से बीच मंगला तक निकली शोभायात्रा, गांव में छाया उत्सव का रंग
बुराई पर अच्छाई की जीत के संदेश के साथ विजयादशमी उत्सव का समापन
संवाद न्यूज एजेंसी
मंगला (चंबा)। रामलीला क्लब भरोड़ी की ओर से विजयादशमी पर निकाली गई भव्य झांकी ने गांव में उत्सव का माहौल बना दिया। धार्मिक प्रसंगों से सजी झांकी मंग भरोड़ी से होते हुए बीच मंगला पहुंची और फिर गांव के विभिन्न हिस्सों से गुजरी। ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लेकर भगवान श्रीराम के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की।
गांव का भ्रमण पूरा होने के बाद भरोड़ी में रावण दहन किया गया। इसी के साथ विजयादशमी समारोह का समापन हुआ। रावण के पुतले के दहन के माध्यम से अधर्म पर धर्म और असत्य पर सत्य की विजय का संदेश दिया गया। आयोजन ने लोगों को भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने और सत्य, सदाचार व आपसी भाईचारे के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। रामलीला क्लब के इस आयोजन ने धार्मिक आस्था के साथ गांव की सांस्कृतिक परंपरा और सामाजिक एकजुटता को भी मजबूत किया।