भाजपा मंडल प्रभारी सीएल ठाकुर ने जताया आभार, वर्षभर संपर्क और विकास को मिलेगी रफ्तार
हर्ष महाजन के प्रयासों का जताया श्रेय, जल्द घाटी में होगा नागरिक अभिनंदन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। भाजपा मंडल पांगी के प्रभारी सीएल ठाकुर ने पांगी घाटी के लिए स्वीकृत रणनीतिक सड़क और टनल परियोजना पर खुशी जताई है। चंबा में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने इसके लिए राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का आभार जताया।
ठाकुर ने कहा कि पठानकोट-चंबा-तीसा-पांगी से लेह तक प्रस्तावित रणनीतिक सड़क परियोजना पांगी के साथ पूरे चंबा जिले के लिए ऐतिहासिक निर्णय है। इससे घाटीवासियों का करीब 60 वर्ष पुराना सपना पूरा होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि सड़क और टनल बनने से पांगी को वर्षभर देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने में मदद मिलेगी और करीब छह माह के विंटर कटऑफ की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। इससे स्वास्थ्य, शिक्षा, व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि हर्ष महाजन के प्रयासों के सम्मान में पांगीवासी जल्द घाटी में उनका नागरिक अभिनंदन करेंगे। ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर पांगी में विकास कार्य ठप होने का आरोप लगाते हुए मनरेगा के राज्य हिस्से का भुगतान न होने, बिजली कटौती और स्वास्थ्य संस्थानों में स्टाफ की कमी के मुद्दे उठाए।
गुटबाजी के सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा एकजुट है और 2027 के विधानसभा चुनाव में कार्यकर्ता पार्टी के घोषित प्रत्याशी के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।