चंबा। बिजली लाइन की मरम्मत के दौरान खंभे से गिरने के कारण बोर्ड के एक आउटसोर्स कर्मचारी की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा सोमवार शाम बकाणी पुल के पास हुआ। मृतक की पहचान देशराज (40) पुत्र कर्मचंद, निवासी बकाणी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सोमवार शाम लगभग 5:00 बजे, देशराज बिजली बोर्ड की ओर से लाइन की बहाली के लिए खंभे पर चढ़कर कार्य कर रहा था, कि अचानक लाइन में करंट आ गया। करंट लगते ही उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे जमीन पर आ गिरा। गिरने से उसके सिर में गहरी चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम चंबा प्रियांशू खाती, विद्युत बोर्ड के एक्सईन प्रवेश कुमार और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया, जहां मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि बिजली मरम्मत कार्य के दौरान पोल से गिरने पर व्यक्ति की मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है।