डलहौजी (चंबा)। शिमला के रिज मैदान में बम धमाके की आशंका से जिला पुलिस भी अलर्ट हो गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस की चौकसी बढ़ाने के साथ बिना चेकिंग किसी भी वाहन को जिले की सीमा में प्रवेश नहीं दिया गया। पुलिस टीमों ने पर्यटन स्थल डलहौजी स्थित होटलों में पहुंचकर रिसेप्शन पर रिकॉर्ड जांचकर उसे मेंटेन रखने के निर्देश जारी किए।
नववर्ष के जश्न के दौरान हुड़दंग मचाने पर छह हुड़दंगियों के चालान कर पुलिस ने दस हजार रुपये जुर्माना वसूला। नए साल के स्वागत का जश्न पर्यटन स्थल डलहौजी में धूमधाम से मनाया गया। ऐसे में देररात शिमला के रिज मैदान में बम धमाके की आशंका से पुलिस ने चौकसी बढ़ा दी। सूचना मिलने के बाद जिले के सीमा द्वार लाहडू, तुन्नूहट्टी और डलहौजी में बिना चेकिंग के किसी भी वाहन को नहीं आने दिया। नव वर्ष को लेकर प्रशासन और पुलिस प्रशासन की वन-वे व्यवस्था से जाम की नौबत नहीं आई।
पर्यटन स्थल डलहौजी स्थित 120 होटलों के करीब ढाई हजार कमरे नववर्ष पर बुक रहे।
डीएसपी डलहौजी विशाल वर्मा ने बताया कि शिमला के रिज मैदान में बम की आशंका के बाद तुन्नूहट्टी, लाहडू और डलहौजी में हरेक वाहन को चेकिंग के बाद ही आने-जाने दिया गया। होटलों में भी रिकॉर्ड जांच कर इसे मेंटेन करने के निर्देश दिए गए।