कांदू-पंजोह सड़क पर बस के सफल ट्रायल के बाद ग्रामीण और प्रशासनिक अधिकारी एक साथ।
- फोटो : Chamba
चंबा। आजादी के 74 साल बाद चंबा विधानसभा क्षेत्र के तीन दर्जन से अधिक गांवों को सड़क और बस सुविधा नसीब हुई है। जिले में पहली बार एक दिन में तीन सड़कों पर एक साथ बस ट्रायल करवाया गया। तीन सड़कों के निर्माण पर विभाग ने आठ करोड़ रुपये की धनराशि खर्च की है। एसडीएम की अगुवाई में लोक निर्माण विभाग और परिवहन निगम के अधिकारियों ने बस का ट्रायल लिया, जो सफल रहा। कांदू से पंजोह, चाहला से पंजोह और चनेड़ से डाडरी सड़क पर बस ट्रायल किया गया।
दूरदराज के गांवों में निगम की बस देख लोगों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। लोगों ने फूलमाला पहनाकर प्रशासन और विभागीय अधिकारियों का स्वागत किया। उसके बाद एसडीएम ने नारियल फोड़कर बस का शुभारंभ किया। आगामी दिनों में इन सड़कों पर लोगों को नियमित रूप से सरकारी बस सेवा का लाभ मिलेगा। लोगों को पैदल चलने से निजात मिलेगी।
गौरतलब है कि चंबा विस क्षेत्र के तीन दर्जन से अधिक गांव आजादी के बाद भी सड़क सुविधा से वंचित थे। दो साल के भीतर तीनों सड़कों का निर्माण करवाया गया। इतनी कम समयावधि में तीन सड़कों का निर्माण करवाना काफी मुश्किल था लेकिन, लोनिवि के अधिकारी निर्माण कार्य पर नियमित रूप से निरीक्षण करके स्वयं कार्य करवा रहे थे। इसके परिणाम स्वरूप तीन सड़कों का निर्माण कार्य दो सालों में पूरा हो पाया।
लोनिवि के अधिशासी अभियंता जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि तीन सड़कों को बस योग्य पास किया गया है। इसके लिए उन्हें सरकार और स्थानीय लोगों का भरपूर सहयोग मिला है। अन्य सड़कों का निर्माण कार्य भी समय पर पूर्ण करवाया जाएगा।