खज्जियार के प्रवेशद्वार पर बनेगा भव्य गेट
मिलेनियम गेट की तर्ज पर चार लाख रुपये से होगा निर्माण
मैदान के चारों तरफ लगाई जा रही अनारकली, बढ़ेगी सुंदरता
अमर उजाला ब्यूरो
खज्जियार(चंबा)। वन्य प्राणी विभाग पर्यटक स्थल खज्जियार को अधिक सुंदर बनाने के लिए मैदान के प्रवेशद्वार पर एक भव्य गेट का निर्माण करने जा रहा है। इसे लेकर विभागीय टीम ने शुक्रवार को खज्जियार मैदान का औचक निरीक्षण किया। गेट बनाने के लिए उचित जगह का मुआयना कर उसका दायरा तय किया गया। इस दौरान इंजीनियर भी मौजूद रहे। भव्य गेट के निर्माण पर विभाग की ओर से चार लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। गेट निर्माण का कार्य सात दिन के भीतर शुरू हो जाएगा। गेट बनने के बाद पर्यटकों का खज्जियार के लिए आकर्षण बढ़ेेगा।
पहले खज्जियार मैदान में प्रवेश करने के लिए चारों तरफ से खुला था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। मैदान के चारों तरफ अनारकली रेलिंग लगाई जा रही है। पर्यटक भव्य गेट के रास्ते ही मैदान में प्रवेश कर पाएंगे। गेट का निर्माण विभाग मिलेनियम गेट की तर्ज पर करने का प्रयास कर रहा है। ताकि पर्यटकों को रिझाने के लिए एक सुंदर गेट बन सके। गेट निर्माण को लेकर सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं। जल्द ही कार्य शुरू हो जाएगा।
वन्य प्राणी विभाग के डीएफओ निशांत मंढोत्रा ने बताया कि खज्जियार प्रवेशद्वार पर चार लाख की धनराशि से भव्य गेट बनाया जाएगा। इसका निर्माण कार्य सात दिन में शुरू हो जाएगा।