तीसा (चंबा)।
चुराह उपमंडल की आयल पंचायत के साहू गांव में तूफान से पेड़ गिरा गया। इसकी चपेट में आने से 16 भेड़-बकरियों की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार दोपहर बाद हुई। तेज तूफान के चलते जहां भेड़ बकरियों की मौत हुई है तो वहीं दूसरी तरफ एक घर की छत भी उड़ गई।
इस घटना में आठ भेड़-बकरियां गंगी राम पुत्र भरना निवासी साहू और आठ भेड़-बकरियां प्रभी राम पुत्र भरना (दोनों भाई) की थी। कुछ भेड़-बकरियां घायल भी हुई हैं। अन्य भेड़-बकरियों की तलाश जारी है। बताया जा रहा है कि झुंड में अस्सी भेड़-बकरियां चर रही थी। सूचना मिलते ही प्रशासन ने कानूनगो और पटवारी को मौके पर भेज दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दोपहर बाद साहू गांव के चरागाह में तूफान आया। इस दौरान उक्त दोनों भेड़ पालकों ने अपनी भेड़-बकरियों को पेड़ के नीचे रखा। अचानक तेज हवा चलने पेड़ गिर गया और भेड़ बकरियां दबकर मर गईं।
विज्ञापन
इसके अलावा शरीफ पुत्र ध्यान गांव लियूंटी के मकान की छत उड़ गई। शरीफ ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उसे घर निर्माण के लिए बजट स्वीकृत हुआ था। दूसरी ओर तेज तूफान के चलते पंचायत में बिजली गुल हो गई है।
पंचायत प्रधान गुलशन बेगम ने बताया कि पेड़ गिरने से 16 भेड़ बकरियों की मौत हुई है। एक घर की छत भी तूफान के चलते उड़ी है। उन्होंने बताया कि इस बारे में प्रशासन को सूचना दे दी गई है। नायब तहसीलदार सुधीर सिंह का कहना है कि इस बारे में सूचना मिली है। मौके पर पटवारी और कानूनगो को भेज दिया गया है। प्रभावितों को नुकसान के आधार पर उचित मुआवजा दिया जाएगा।