अनियमितता पाए जाने पर शहर के आठ दवा विक्रेताओं के लाइसेंस रद्द कर दिए गए हैं। यह दवा विक्रेता आगामी एक सप्ताह तक अब दवा नहीं बेच पाएंगे। सप्ताह के दौरान विक्रेताओं को अपना रिकॉर्ड अपडेट करना होगा।
स्वास्थ्य विभाग ने कुछ दिन पूर्व दवा विक्रेताओं की दुकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान कई दुकानों में रिकॉर्ड व अन्य कार्यों को लेकर काफी अनियमितताएं पाई गई थी। जिसकी एक रिपोर्ट बनाकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने धर्मशाला हेडक्वार्टर भेजी थी। उसी रिपोर्ट के आधार पर धर्मशाला हेडक्वार्टर से जारी निर्देश के अनुसार आठ केमिस्टों के लाइसेंस एक सप्ताह के लिए रद्द किए गए हैं। इन आठ केमिस्टों में शहर व अन्य इलाकों के केमिस्ट भी शामिल हैं जो कि अगले एक सप्ताह तक अपनी दुकानों में दवाइयों का क्रय विक्रय नहीं कर सकते।
अगर कोई भी केमिस्ट इस अवधि में दवाइयां बेचता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जा सकती है। प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त आठ केमिस्टों के रद्द हुए लाइसेंस की अवधि आगे भी बढ़ाई जा सकती है।
अनियमितता पाए जाने पर हुई कार्रवाई
ड्रग इंसपेक्टर नरेंद्र ठाकुर ने बताया कि विभागीय कार्रवाई के दौरान आठ केमिस्टों की दुकानों पर काफी अनियमितताएं पाई गई थीं। जिसकी रिपोर्ट बनाकर धर्मशाला कार्यालय भेजी गई थी। उसके आधार पर ही लाइसेंस रद्द करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि आठ केमिस्टों की दुकानों में अनियमितताएं पाई गई हैं उन केमिस्टों के एक सप्ताह तक लाइसेंस रद्द किए हैं। इन्हें अब सप्ताह भर दवा बेचने की इजाजत नहीं होगी।