चुवाड़ी (चंबा)। विकास खंड भटियात के तहत ग्राम पंचायत जियुंता में विकास खंड अधिकारी ने औचक निरीक्षण किया। औचक निरीक्षण के दौरान पंचायत सचिव नदारद पाया गया। निरीक्षण के दौरान सामने आया है कि पंचायत सचिव 12 जनवरी से अनुपस्थित है। उसे फोन किया गया तो उसका मोबाइल फोन भी स्विच ऑफ पाया गया। ऐसे में पंचायत हाजिरी रजिस्टर सहित अन्य रिकॉर्ड को पंचायत प्रतिनिधियों के समक्ष सील कर दिया गया है। इससे पहले एक नवंबर को विकास खंड अधिकारी कार्यालय निरीक्षण करने के लिए कार्यालय में पहुंचे थे। मगर पंचायत सचिव ने अलमारी की चाबी गुम होने की वजह से रिकॉर्ड की पड़ताल नहीं होने दी। ऐसे में वीरवार को दोबारा टीम ने निरीक्षण किया गया तो पंचायत सचिव कार्यालय से नदारद पाया गया। इस पर अग्रिम कार्रवाई विकास खंड अधिकारी ने की है।
काम करवाने के लिए आ रहे लोग परेशान
वीरवार केे विकास खंड अधिकारी डॉ. बशीर खान के निरीक्षण के दौरान कार्यालय में प्रवीण कुमार नाम का व्यक्ति पेमेंट लेने के लिए आया था। इसके बाद करीब 12:30 बजे सुभांशु नाम का युवक अपना जाति प्रमाण पत्र लेने आया। मगर उसे भी जाति प्रमाण पत्र नहीं मिला। निरीक्षण के दौरान जब बीडीओ ने पंचायत में कार्यरत तकनीकी सहायक और चौकीदार को अपनी हाजिरी के बारे में पूछा तो पता चला कि हाजिरी रजिस्टर पंचायत सचिव के पास है। इसलिए वह कहीं भी हाजिरी नहीं लगा पा रहे हैं। ऐसे में बीडीओ ने पंचायत प्रधान, उपप्रधान तकनीकी सहायक और पंचायत चौकीदार की उपस्थित में पंचायत रिकॉर्ड की अलमारियों को सील कर दिया। ताकि रिकॉर्ड के साथ कोई छेड़छाड़ ना हो सके। विकास खंड अधिकारी डॉ. बशीर खान ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वीरवार को पंचायत कार्यालय का निरीक्षण किया गया। मगर पंचायत सचिव एक बजे तक अनुपस्थित रहने के चलते पंचायत के हाजिरी रजिस्टर और रिकॉर्ड से छेड़छाड़ रोकने के लिए सील कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि एक नवंबर को भी वह निरीक्षण के लिए आए थे। उन्होंने बताया कि सील रिकॉर्ड को एक समिति बनाकर खोला जाएगा। अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।