पठानकोट-लेह वाया बकलोह छावनी बनाई जाए रेल लाइन
सांसद शांता कुमार रेल लाइन से जुड़े जिलों को दे रहे दूसरी रेल लाइन
चंबा वासी रेल लाइन बिछाने को लेकर लंबे समय से कर रहे हैं मांग
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा जनहित संगठन ने सांसद शांता कुमार की ओर से कांगड़ा-धर्मशाला-पालमपुर छावनी-लेह रेल लाइन की घोषणा पर अपनी नाराजगी जताई है। संगठन का मानना है कि उपरोक्त ट्रैक पर पहले ही एक रेल लाइन बनी है। ऐसे में उपरोक्त ट्रैक के स्थान पर चंबा जिला को रेल लाइन से जोड़ा जाता तो शायद जिला में विकास को गति मिलती। क्योंकि चंबा जिला को रेल लाइन से जोड़ने को लेकर रियासत काल से संघर्ष हो रहा है, लेकिन अभी तक इस दिशा में किसी भी सरकार ने अपनी गंभीरता नहीं दिखाई है।
जनहित संगठन के जिला संयोजक एसएल शर्मा ने बताया कि चंबा वासी लंबे समय से केंद्र और प्रदेश सरकार से पठानकोट-लेह रेल लाइन को वाया बकलोह छावनी-सलूणी होते हुए बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक उनकी मांग अधूरी पड़ी है। अब शांता कुमार ने कांगड़ा-धर्मशाला-पालमपुर छावनी-लेह रेल लाइन बनाने की घोषणा की है। ऐसा लगता है कि शांता कुमार दोबारा से लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। इसलिए वे इस तरह की घोषणाएं कर रहे हैं। चंबा के लोगों ने पिछली बार भी सांसद शांता कुमार को भारी बहुमत से लोकसभा में विजयी बनाया था, लेकिन उन्होंने चंबा के लिए कोई बड़ा कार्य नहीं किया। उन्होंने प्रदेश सरकार और सांसद शांता कुमार से मांग की है कि चंबा जिला को जल्द रेल लाइन से जोड़ा जाए।