चंबा। जिले में मंगलवार को कोरोना के 42 नए मामले सामने आए। जबकि, 16 कोरोना संक्रमित मरीजों ने कोरोना को मात देने में सफलता पाई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर कपिल शर्मा ने बताया कि मंगलवार को चंबा में कोरोना के 42 नए मामले सामने आए हैं। कोरोना संक्रमण के नए मामले आने से सक्रिय मामलों की संख्या बढ़कर 240 पहुंच गई है।
राहत की बात यह है कि पिछले कुछ दिन से चंबा में कोरोना संक्रमण से कोई मौत नहीं हुई है। जो नए मामले सामने आए हैं, वे चंबा शहर के आसपास के इलाकों से संबंधित हैं। विभाग ने मामूली लक्षणों वाले मरीजों को होम आइसोलेट किया है जबकि, गंभीर लक्षणों वाले मरीजों को ही कोविड अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अनुरोध किया है कि वे कोविड नियमों की पालना के लिए किसी प्रकार की लापरवाही न बरतें।