जनजातीय क्षेत्र की प्राथमिक पाठशालाओं में लंबे अरसे से दे रहे हैं सेवाएं
दिसंबर माह से वेतन न मिल पाने के कारण परिवार चलाना हुआ मुश्किल
शिक्षकों की दो टूक : जल्द वेतन नहीं मिला तो स्कूलों में सेवाएं देना कर देंगे बंद
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जनजातीय क्षेत्र पांगी में 700 से 800 किलोमीटर दूर से आकर नौनिहालों को ज्ञान देने वाले स्कूल प्रबंधन समिति के 40 अध्यापकों को दिसंबर माह से वेतन नहीं मिला है। स्कूल प्रबंधन समिति के तहत प्राथमिक पाठशालाओं में सेवाएं देने वाले शिक्षकों को वेतन न मिल पाने से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अध्यापकों का कहना है कि शिक्षा विभाग की ओर से मिलने वाना वेतन समय पर न मिलने से उन्हें पैसे उधार लेकर अपने परिवार का भरण-पोषण करना पड़ रहा है, लेकिन अब दुकानदार भी उधार पैसे देने से मना कर रहे हैं। शिक्षकों ने दो टूक शब्दों में साफ किया है कि जल्द वेतनमान न मिला तो वे बच्चों को पढ़ाना बंद कर देंगे। इसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की ही रहेगी।
स्कूल प्रबंधन समिति के पूर्व सुरेंद्र शर्मा समेत अन्य शिक्षकों में अली हुसैन, तेज सिंह, ध्रुव, ढ़ेलों, लाल चंद ने बताया कि दिसंबर माह से उन्हें वेतनमान नहीं मिल रहा है। वेतन न मिलने के कारण घरों से कई किलोमीटर दूर और भौगोलिक दृष्टि से विषम क्षेत्र पांगी में सेवारत 40 शिक्षकों को अपने क्वार्टरों का किराया देने, परिवार का भरण-पोषण करना चुनौतीपूर्ण बन चुका है। शिक्षकों ने बताया कि वेतनमान के अभाव से वे किस प्रकार से नौनिहालों को पढ़ा सकेेंगे।
इस संबंध में प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक बलवीर सिंह ने बताया कि बजट के अभाव में इस प्रकार की दिक्कत पेश आई होगी। बताया कि जल्द ही इस बाबत उच्चाधिकारियों से बात की जाएगी।