38 new cases of corona in the district
चंबा। जिले में बुधवार को आठ वर्षीय बच्ची सहित 38 लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं। उन्हें स्वास्थ्य विभाग ने होमआइसोलेट कर दिया है। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिलेभर में 700 लोगों के सैंपल लेकर कोरोना जांच की। इनमें 38 लोग संक्रमित पाए गए।
ये लोग जिले के खैरी, बनीखेत, चंबा शहर, मेडिकल कॉलेज चंबा, डलहौजी, समलेऊ, सलूणी सहित अन्य क्षेत्रों से संबंधित हैं। इन संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों की सूची तैयार की जा रही है। वीरवार को विभागीय टीमें सूची में शामिल होने वाले लोगों के भी सैंपल लेंगी। इससे कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर कपिल शर्मा ने बताया कि जिले में 38 नए कोरोना मरीज सामने आने से मरीजों की संख्या 145 पहुंच गई है। यह संख्या काफी तेजी से बढ़ रही है। इसलिए लोगों को समय रहते कोविड नियमों की पालना करना सुनिश्चित करना होगा अन्यथा आने वाले समय में हालात खराब हो सकते हैं। फिलहाल, स्वास्थ्य विभाग ने सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट किया है। जिन मरीजों में गंभीर लक्षण हैं, उन्हें उपचार के लिए कोविड अस्पताल में भर्ती किया जा रहा है।