220 bales of Mandal wooden recovered from car trunk
चंबा। पुलिस ने कार की डिक्की में छिपाकर मंधल की लकड़ी (गांठें) ले जा रहे नेपाल और पटियाला के तीन लोगों को पकड़ा है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने शुक्रवार रात मोहड़ी नाला के पास नाका लगा रखा था। उसी दौरान पीबी-11 सीयू-1851 नंबर की एक कार तीसा की ओर से आ रही थी। पुलिस ने गाड़ी को चेकिंग के लिए रोका।
कार में विक्रमजीत सिंह निवासी गांव चमारड़ी डाकघर खेदीमाजरा जिला पटियाला, धर्मेंद्र निवासी गांव और डाकघर बतमाजरा जिला पटियाला और कर्म रावण निवासी गांव रेथली डाकघर खरपू तहसील सिमीकोट जिला हमला (नेपाल) सवार थे। जब पुलिस ने कार की डिक्की खोलकर चेकिंग की तो उसमें से मंधल लकड़ी की 220 गांठें बरामद हुईं। लकड़ी को लेकर गाड़ी में सवार लोगों के पास कोई परमिट नहीं था।
बाजार में इस लकड़ी की कीमत पचास हजार रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने लकड़ी को जब्त करने के साथ ही तीनों लोगों को भी हिरासत में ले लिया है। वहीं, गाड़ी को भी जब्त करके वन विभाग के हवाले कर दिया है। गाड़ी को छुड़ाने से पहले मालिक को जुर्माना अदा करना होगा। उधर, एसपी अरुल कुमार ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। कहा कि लकड़ी तस्करों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।