चंबा। जिले में 15 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के लिए शुरू हो रहे कोरोना टीकाकरण अभियान के तहत 22,950 किशोरों को वैक्सीन लगाई जाएगी। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से टीकाकरण संबंधित दिशा-निर्देश समस्त स्कूलों के प्रधानाचार्यों और मुख्याध्यापकों को जारी कर दिए हैं। आदेशों के मुताबिक तीन जनवरी से टीकाकरण अभियान शुरू होगा। टीकाकरण के लिए 31 दिसंबर 2017 या इससे पहले बच्चे का जन्म आयु पात्रता निर्धारित किया गया है। तीन जनवरी के लिए टीकाकरण अभियान के तहत 48 केंद्रों की सूची भी जारी कर दी गई है।
गौरतलब है कि सरकार की ओर से पहले जहां 18 साल से ज्यादा आयु वर्ग के लिए टीकाकरण शिविरों का आयोजन किया गया तो वहीं, सरकार अब 15 से 18 वर्ष आयु वर्ग के लोगों लिए टीकाकरण अभियान शुरू कर रही है। इसका आगाज तीन जनवरी से हो जाएगा। बच्चों की संख्या के आधार पर टीकाकरण केंद्रों में बदलाव भी किया जा सकता है। गौरतलब है कि 20,850 विद्यार्थी सरकारी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं जबकि 2100 विद्यार्थी निजी स्कूलों में पढ़ाई कर रहे हैं।
इन टीकाकरण केंद्रों में लगाई जाएगी वैक्सीन
तीन जनवरी के लिए सीनियर सेकेंडरी स्कूल भरमौर, गर्ल्स स्कूल भरमौर, गरोला, होली, चन्हौता, करियां, मैहला, बकाणी, कीड़ी, मंगला, सलूणी, आईटीआई सलूणी, सलूणी कॉलेज, भलेई, सीनियर सेकेंडरी स्कूल वांगल, तेलका, नड्डल, बग्गी, सुंड़ला, किहार, पैरामाउंट स्कूल किहार, डियूर, किलाड़, ब्वॉयज स्कूल चंबा, गर्ल्स स्कूल चंबा, सीनियर सेकेंडरी स्कूल पुखरी, चनेड़, साहो, हिल टॉप पब्लिक स्कूल डलहौजी, गुनियाला, फरोटका, डीएवी कॉलेज बनीखेत, श्रीसत्य साईं पब्लिक स्कूल बनीखेत, राइजिंग स्टार स्कूल चुवाड़ी, हिमालयन पब्लिक स्कूल चुवाड़ी, साइं पब्लिक स्कूल नैणीखड्ड, सीनियर सेकेंडरी स्कूल नैणीखड्ड, हाई स्कूल रांग (होबार), हाई स्कूल काहरी, मन्हुता, भारतीय पब्लिक स्कूल समोट, शिवालिक वंदना पब्लिक स्कूल समोट, गोला, ग्रीन फील्ड पब्लिक स्कूल सिहुंता, तीसा, बैरागढ़ और झज्जाकोठी केंद्र बनाए गए हैं।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा प्यार सिंह चाढ़क ने बताया कि जिले के सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में शिक्षा ग्रहण कर रहे 22,950 विद्यार्थियों को वैक्सीन लगेगी। कहा कि विभाग ने अपनी ओर से तैयारियां पूरी कर ली हैं। साथ ही स्कूल स्टाफ को स्वास्थ्य विभाग की टीमों के साथ समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए हैं।