सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी की 43 पंचायतों के 15000 किसानों को अभी तक आलू का बीज नहीं मिला पाया है। इसके चलते किसान अभी तक खेतों में आलू की बिजाई नहीं कर पाए हैं। इस वजह से बिजाई का समय निकलता जा रहा है। दिसंबर महीने में किसान खेतों में आलू की बिजाई करते हैं।
मगर अभी तक कृषि विभाग की ओर से किसानों को आलू का बीज मुहैया नहीं करवाया गया है। पिछले साल किसानों ने 1100 क्विंटल आलू के बीज की बिजाई की थी। जबकि इस बार किसानों ने विभाग को 1500 क्विंटल बीज की डिमांड दे रखी है। मगर अभी तक उनकी डिमांड पूरी नहीं हो पाई है। अगर किसानों ने दिसंबर माह में आलू की बिजाई नहीं की तो जनवरी में बर्फबारी होने के कारण वह बिजाई नहीं कर पाएंगे। इससे उन्हें लाखों का नुकसान उठाना पड़ सकता है। क्योंकि किसानों की आय का मुख्य स्रोत आलू की फसल पर ही निर्भर रहता है। ऐसे में बिजाई के लिए बीज न मिलना किसानों के लिए परेशानी बना हुआ है।
किसान चेत राम, भाग सिंह, टेक राम, अर्जुन, मान सिंह, देेवी प्रसाद, अमर चंद, रवि कुमार, सुरेंद्र, केव कुमार और दिनेश ने बताया कि पिछले साल किसानों को घटिया किस्म का आलू का बीज वितरित किया गया था। इसके चलते उनकी फसल की पैदावार सही नहीं हो पाई। इसको लेकर काफी विरोध भी हुआ। जिस कंपनी ने विभाग को बीज मुहैया करवाया। सरकार ने उसका टेंडर रद्द कर दिया। अभी तक सरकार ने नई कंपनी को बीज मुहैया करवाने का टेंडर नहीं दिया है। इसके कारण किसानों को विभाग के कार्यालय में बीज नहीं मिल रहा है। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि किसानों को जल्द आलू का बीज मुहैया करवाया जाए। ताकि वह समय पर आलू की बिजाई कर सकें।
नई फर्म आने पर किसानों को उपलब्ध होगा बीज : भोला सिंह
कृषि विभाग के कार्यकारी उपनिदेशक भोला सिंह ने बताया कि पिछली साल की फर्म का टेंडर सरकार ने रद्द कैंकर दिया गया है। सरकार जल्द ही नई कंपनी को बीज का ठेका देगी। इसके बाद ही किसानों को बीज उपलब्ध हो पाएगा।