भारी बारिश के बाद चांजू का द्वारी गांव के एक मकान में पड़ी दरारें। संवाद
चंबा। उपमंडल चुराह की ग्राम पंचायत चांजू का द्वारी गांव इन दिनों भारी बारिश और लगातार हो रहे भूस्खलन से बुरी तरह प्रभावित है। इससे 16 परिवारों की मुश्किलें बढ़ गईं हैं। बारिश का पानी जमीन में रिसने से गांव की ढलानों में दरारें पड़ गई हैं और कई घरों की दीवारें फट गई हैं। हालात इतने बिगड़ गए हैं कि ग्रामीणों को रातें जागकर गुजारनी पड़ रही हैं। डर के साए में जी रहे प्रभावित परिवारों ने पास के सुरक्षित गांवों में शरण लेनी शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गांव के करीब 16 परिवार सीधे तौर पर खतरे की जद में आ गए हैं। उनके मकानों की नींव खिसकने लगी है और दीवारों में गहरी दरारें पड़ चुकी हैं। ग्रामीणों का कहना है कि भूस्खलन का खतरा हर घंटे बढ़ रहा है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। इस स्थिति को देखते हुए ग्राम पंचायत चांजू की प्रधान टेकू शर्मा मौके पर पहुंची। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और यथासंभव मदद का भरोसा दिलाया। प्रधान ने कहा कि पंचायत प्रशासन पूरी तरह प्रभावित लोगों के साथ खड़ा है और उच्च अधिकारियों को इस गंभीर हालात से अवगत करवाया जा चुका है। उन्होंने जिला प्रशासन से प्रभावित परिवारों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने और राहत सामग्री उपलब्ध करवाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर समय रहते प्रशासन ने कदम नहीं उठाए तो भारी जनहानि की संभावना से इन्कार नहीं किया जा सकता। फिलहाल गांव के लोग अपनों के घरों और रिश्तेदारों के पास शरण ले रहे हैं, लेकिन लंबे समय तक यह स्थिति उनके लिए बेहद कठिन हो सकती है।
सरकार और प्रशासन के लिए यह चुनौतीपूर्ण समय है कि वह प्रभावित परिवारों को शीघ्र राहत प्रदान करे और उनके पुनर्वास के ठोस इंतजाम करे।