मणिमहेश यात्रा में रविवार तक करीब एक लाख 30 हजार श्रद्धालु पवित्र स्नान कर चुके हैं और यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। पहली मर्तबा प्रशासन सभी श्रद्धालुओं की गिनती करने में सफल रहा है। इससे पूर्व सिर्फ अंदाजन की श्रद्धालुओं की गिनती होती थी।
इस बार एक-एक श्रद्धालु का पंजीकरण हो रहा है। प्रशासन के पास श्रद्धालुओं की संख्या, उनके आवास व राज्य समेत सभी आंकड़े उपलब्ध हैं। इन आंकड़ों को मणिमहेश यात्रा संपन्न होने के बाद सार्वजनिक किया जाएगा। गौरतलब है कि प्रशासन ने शुरूआत में सभी श्रद्धालुओं से बीस-बीस रुपये फीस लेकर उनका पंजीकरण करने की शर्त रखी थी लेकिन लोगों के विरोध के बाद इस शर्त को वापस ले लिया गया था।
प्रशासन ने पंजीकरण शुल्क बंद कर दिया लेकिन पंजीकरण जारी रखने का फैसला किया था। जिसकी वजह से श्रद्धालुओं की संख्या का खुलासा हो पाया है। एडीएम विनय धीमान ने बताया कि अभी करीब एक सप्ताह तक मणिमहेश यात्रा चलेगी और इस दौरान एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं के मणिमहेश पहुंचने की संभावना है। उन्होंने बताया कि मणिमहेश में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या दो लाख से अधिक हो सकती है। श्रद्धालुओं की इस बढ़ती संख्या के बूते भरमौर प्रशासन आगामी दिनों में राज्य व केंद्र सरकार से मणिमहेश यात्रा के प्रबंधों को पुख्ता करने पर जोर देगा।