कैंसर से बचाव के लिए जीवनशैली में बदलाव जरूरी
टांडा मेडिकल कॉलेज के रेडियोथेरेपी एवं ऑन्कोलॉजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. पूर्वा व्यास के अनुसार कैंसर से बचाव के लिए तंबाकू और धूम्रपान से दूरी बनाना जरूरी है। शराब से परहेज, वजन नियंत्रित रखना, नियमित व्यायाम और संतुलित आहार भी इसमें मददगार हैं। भोजन में हरी सब्जियां, फल और फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ शामिल करने चाहिए। महिलाओं को स्तनपान के लिए प्रोत्साहित करने के साथ स्तन कैंसर के जोखिम कारकों के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है।
लक्षण दिखें तो तुरंत लें चिकित्सकीय सलाह
स्तन में गांठ, आकार में बदलाव, निप्पल से असामान्य स्राव या त्वचा में बदलाव होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। 40 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को अपनी उम्र और व्यक्तिगत जोखिम के अनुसार मैमोग्राफी और अन्य जांच के लिए चिकित्सकीय परामर्श लेना चाहिए। पुरुषों में लंबे समय तक खांसी, आवाज में बदलाव, निगलने में परेशानी या मुंह में लंबे समय तक न भरने वाले घाव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
विश्व स्वास्थ्य संगठन और इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर के फरवरी 2026 के वैश्विक विश्लेषण के अनुसार दुनिया में कैंसर के करीब 37 प्रतिशत नए मामलों को रोका जा सकता है। तंबाकू, शराब, मोटापा, शारीरिक गतिविधियों की कमी और कैंसर पैदा करने वाले संक्रमण इसके प्रमुख जोखिम कारक हैं। ऐसे में जागरूकता, बचाव और समय पर जांच से कैंसर के खतरे को कम किया जा सकता है।