घुमारवीं में लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल जी की जयंती पर सफाई करते मंत्री राजेंद्र गर्ग और अन्य
- फोटो : BILASPUR
बिलासपुर। लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती के अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा घुमारवीं ने सफाई अभियान चलाया। इसका शुभारंभ खाद्य नागरिक आपूर्ति मंत्री राजेंद्र गर्ग ने किया।
सफाई अभियान दकड़ी चौक से सिविल अस्पताल परिसर घुमारवीं तक चलाया गया। युवा मोर्चा के सदस्यों ने रैली निकालकर और नारेबाजी कर स्वच्छता की अलख जगाया। राजेन्द्र गर्ग ने कहा कि आज पूरा देश भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री और गृह मंत्री लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 145वीं जयंती मना रहा है। उन्होंने कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने फौलादी इरादों और फैसलों से 600 से ज्यादा रियासतों का भारत में विलय करवाया। राजेंद्र गर्ग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है स्वच्छ भारत स्वस्थ भारत। इसी सपने को साकार करने के लिए भाजपा और युवा मोर्चा लगातार स्वच्छता अभियान से जुड़ी है।
मोदी के आह्वान पर आज राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर स्वच्छता अभियान को गति देने के लिए जहां गांव-गांव, पंचायतों और सरकारी कार्यालयों में स्वच्छता देखी जा रही है। वहीं स्वच्छता जनमानस का अभिन्न अंग बन कर आंदोलन का रूप ले रही है। सफाई अभियान में भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश ठाकुर विशेष रूप से उपस्थित रहे।