बिलासपुर। श्री नयनादेवी जी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मजारी अनाज मंडी में भारतीय खाद्य निगम ने गेहूं की खरीद शुरू कर दी है। अनाज मंडी में बिलासपुर जिले के सभी किसान गेंहू बेच सकते हैं।
किसानों को लोक मित्र केंद्र में जाकर पोर्टल पर अपना खसरा नंबर, नाम, मोबाइल नंबर आदि दर्ज करवाना होगा। साइट का लॉग इन हल्का पटवारी या कृषि विभाग के पास आएगा। इसके बाद पटवारी या कृषि विभाग के अधिकारी रिकार्ड का सत्यापन करेंगे। किसानों को लोक मित्र केंद्र से टोकन के रूप में अनाज मंडी में गेहूं बेचने के लिए तारीख और समय दिया जाएगा।
यह सारी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी जो 15 से 20 मिनट में पूरी हो जाएगी।
इस बार गेहूं 2015 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से ली जा रही है। किसानों को राशि का भुगतान 48 घंटे के भीतर कर दिया जाएगा। बता दें कि करीब दो करोड़ रुपये की राशि खर्च कर यहां पर अनाज मंडी खोली गई है। ताकि यहां के किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए पंजाब राज्य का रुख न करना पड़े। इससे पहले किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए पंजाब राज्य जाना पड़ता था। लेकिन इस बार किसानों को राहत मिली है।
मार्केटिंग कमेटी बिलासपुर के सचिव संदीप गौतम ने बताया कि मजारी खरीद केंद्र में गेहूं की फसल खरीददारी शुरू हो गई है। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि किसान अपना पंजीकरण करवा लें।