मलोखर के मोती गांव में नाले से ढोकर पानी लाते ग्रामीण। संवाद
- फोटो : BILASPUR
जुखाला (बिलासपुर)। जल शक्ति उपमंडल जुखाला के तहत अनुभाग मलोख के मोती गांव में पिछले 15 दिन से पेयजल सप्लाई नहीं आ रही है। लोग खुद की खरीदकर और मवेशियों की दो किलोमीटर दूर नाले से पानी लाकर प्यास बुझा रहे हैं। पूर्व बीडीसी सदस्य एवं मोती महिला मंडल प्रधान वीना शर्मा, उमा देवी, पूजा देवी, वनिता, लता, कलावती, संगीता, नविता, मीना और रुक्मणि आदि ने बताया कि मोती गांव में करीब 15 दिन से पानी की सप्लाई नहीं आ रही है। इसकी शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर और विभागीय कर्मचारियों से की, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। दो किलोमीटर दूर नाले से पानी लाने में ही सारी दिनचर्या व्यतीत हो रही है। उन्होंने चेताया कि अगर पानी की समस्या का समाधान न हुआ तो सोमवार को जल शक्ति उपमंडल जुखाला का घेराव किया जाएगा।
जल शक्ति उपमंडल जुखाला के सहायक अभियंता जसविंदर ठाकुर ने कहा कि मोटर पंप की खराबी को एक दिन में ठीक करके पानी की सप्लाई को बहाल करने के आदेश दिए गए हैं।